दहेज के लिये हैवान बना पति गर्भवती पत्नी को घर से निकाला, दिया तीन तलाक

मुजफ्फरनगर। दहेज की मांग पुरी न होने पर पति ने दो माह की गर्भववती पत्नी को घर से निकाल दिया। विवाहिता ने अपने मायके में ही पुत्री को जन्म दिया। बेटी होने के बाद भी दहेजलोभी पति का दिल नहीं पसीजा और अपनी ससुराल में आकर अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर कोतवाली के मोहल्ला लद्वावाला निवासी महक उर्फ रुकैय्या का निकाह वर्ष 2017 में इरशाद निवासी संगम विहार, लोनी गाजियाबाद के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति , देवर नौशाद, देवरानी सानिया, सास अनिसा, ननद तबस्सुम व ससुर निसार दहेज की अतिरिक्त मांगने करने लगे। आरोप है कि दो माह की गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने वर्ष 2019 में घर से निकाल दिया था। उसने अपने बच्चे को अपने मायके में ही जन्म दिया। आरोप है कि आरोपी कुछ समय पूर्व समझौता वार्ता के लिए घर पर आए थे। बात बिगडने पर आरोपी पति ने उसे सबके सामने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।