सहारनपुर। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी सांसद परिनीत कौर से 23 लाख की ठगी करने वाले साइबर अपराधी गिरोह के सदस्य को नोएडा साइबर थाना पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को पेंशन के खातों को अपडेट करने का झांसा देकर फर्जी ट्रेजरी अधिकारी बनकर ठगी की जाती थी। आरोपी साथियों सहित मिलकर 4.50 करोड़ की ठगी कर चुका है। पकड़ा गया आरोपी नूर अली पुत्र शमशेर मूलरूप से गांव मुरली थाना नौगछिया जनपद भागलपुर बिहार का रहने वाला है। वह पंजाब के न्यू शांतिनगर थाना मंडी गोविंदगढ़ जिला फतेहगढ़ में भी गिरोह के सदस्यों के साथ रहता था। मंगलवार को नोएडा साइबर थाना पुलिस के निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह, अजीत सक्सेना ने टीम के साथ आरोपी को सहारनपुर से दबोचा है, जबकि स्थानीय पुलिस को आरोपी के यहां से पकड़े जाने की जानकारी नहीं है। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा का कहना है कि नोएडा साइबर पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी नहीं है, वह मामले को दिखवा रहे हैं। आरोपी ने पूछताछ में साइबर पुलिस को बताया है कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पेंशन हेतु खाते में डाटा अपडेट करने के बहाने ट्रेजरी अधिकारी बनकर जरूरी जानकारी प्राप्त करता था और इसके बाद खाते से पैसा उड़ा लेता था। गिरोह में उसका भाई अफसर अली व सफरूद्दीन अंसारी, कलीम अंसारी, अहमद अंसारी, अंकित कुमार, छोटन निवासीगण जामतारा शामिल है। ट्रेजरी अधिकारी बनकर वह फर्जी खातों में पैसा ट्रांसफर करा लेता था। उसका गिरोह करीब 120 खातों के माध्यम 4.50 करोड़ की ठगी कर चुका है। आरोपी पूर्व में हैदराबाद से भी जेल जा चुका है।इस गिरोह के सदस्यों ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी सांसद परिनीत कौर से 23 लाख की ठगी की थी। तब, गिरोह के सदस्य पकड़े गए थे, जिनके पास से 800 सिम कार्ड, 200 बैंक खाते की पासबुक और 18 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इस मामले में आरोपी का भाई अफसर जेल में बंद हैं। अपराधियों का कनेक्शन सहारनपुर से पुराना है। कई बार यहां बांग्लादेशी और आतंकियों को भी बिहार की पुलिस ने गिरफ्तार किया। दो दिन पूर्व सात लाख के ईनामी बदमाश काला जठेड़ी को दिल्ली पुलिस ने दबोचा था। मंगलवार को नूर अली को नोएडा साइबर थाना पुलिस ने पकड़ा है। दस वर्ष पूर्व पाकिस्तानी जासूस इकबाल उर्फ देवराज सहगल को पटियाला पुलिस ने हकीकतनगर से गिरफ्तार किया था। ऐसे अनेक मामले सामने आ चुके हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री की सांसद पत्नी से लाखों की ठगी करने वाला सहारनपुर में दबोचा